FEATUREDNationalPopular

एनएचएआई ने देशभर के 1,150 टोल प्लाजा पर फास्टैग वार्षिक पास लॉन्च किया

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कल 79वें स्वतंत्रता दिवस पर देश भर के 1 हजार 150 टोल प्लाजा पर ‘फास्टैग वार्षिक पास’ सुविधा को सफलतापूर्वक लागू किया है।

 

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, लागू होने के पहले दिन शाम 7 बजे तक लगभग 1 लाख 40 हज़ार उपयोगकर्ताओं ने वार्षिक पास खरीदकर उसे सक्रिय कर लिया है। मंत्रालय ने बताया कि टोल प्लाज़ा पर लगभग 1 लाख 40 हज़ार लेनदेन दर्ज किए गए। मंत्रालय ने आगे बताया कि पास उपयोगकर्ताओं के लिए सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक टोल प्लाज़ा पर NHAI के अधिकारी और नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।

 

फास्टैग वार्षिक पास को 3,000 रुपये के एकमुश्त शुल्क भुगतान के माध्यम से फास्टैग को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता को समाप्त करने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है। इस पास की वैधता एक वर्ष या 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग तक है। फास्टैग वार्षिक पास उन सभी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए लागू है जिनके पास वैध फास्टैग है।