चुनाव आयोग ने दोहरे मतदाता फोटो पहचान पत्र के मामले में राजद नेता तेजस्वी यादव को रिमाइंडर नोटिस भेजा
चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को उनके दो मतदाता पहचान पत्रों को लेकर एक बार फिर नोटिस जारी किया है। आयोग ने तेजस्वी यादव द्वारा 2 अगस्त को मीडिया के सामने दिखाए गए मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) के बारे में जानकारी मांगी है। उन पर दो ईपीआईसी (इलेक्टर्स फोटो आइडेंटिटी कार्ड) रखने का आरोप है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता श्री यादव ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों को अपना वोटर आईडी कार्ड दिखाया था। इस मामले में, चुनाव आयोग ने कहा था कि दिखाया गया कार्ड चुनाव आयोग द्वारा जारी नहीं किया गया था।
दीघा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने इससे पहले 3 अगस्त को श्री यादव को एक पत्र भेजकर सत्यापन के लिए मूल मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) कार्ड और संबंधित विवरण प्रस्तुत करने को कहा था। हालाँकि, अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर ऐसे मुद्दे उठा रहा है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि आयोग को पहले विशेष सारांश पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उनकी पार्टी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देना चाहिए।
इस बीच, 1 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप के प्रकाशन के पांच दिन बाद भी, किसी भी राजनीतिक दल ने हटाए गए मतदाताओं के नामों के संबंध में कोई दावा या आपत्ति दर्ज नहीं कराई है।

