भारत, चीन ने डब्ल्यूएमसीसी बैठक में सीमा स्थिति की समीक्षा की, शांति बनाए रखने पर सहमति जताई
भारत और चीन ने कल नई दिल्ली में आयोजित भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श एवं समन्वय कार्य तंत्र की 34वीं बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त सचिव (पूर्वी एशिया) गौरांगलाल दास ने किया। चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीनी विदेश मंत्रालय के सीमा एवं महासागरीय मामलों के विभाग के महानिदेशक होंग लियांग ने किया।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सौहार्द की व्यापकता पर संतोष व्यक्त किया, जिसके परिणामस्वरूप द्विपक्षीय संबंध धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। वे स्थापित तंत्रों के माध्यम से राजनयिक और सैन्य स्तरों पर सीमा मामलों से संबंधित मुद्दों पर नियमित आदान-प्रदान और संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए। प्रभावी सीमा प्रबंधन को आगे बढ़ाने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए, दोनों पक्षों ने विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता के पिछले दौर और डब्ल्यूएमसीसी की 33वीं बैठक के दौरान सुझाए गए विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श किया। दोनों पक्षों ने इस वर्ष के अंत में भारत में होने वाली भारत-चीन सीमा प्रश्न पर विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता के अगले दौर की भी तैयारी की।
चीनी प्रतिनिधिमंडल के नेता ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री से भी मुलाकात की।

