राष्ट्रीय प्रसारण दिवस: 1927 में बॉम्बे स्टेशन से पहली बार रेडियो प्रसारण का स्मरण
आज राष्ट्रीय प्रसारण दिवस है। 1927 में इसी दिन, देश में पहला रेडियो प्रसारण भारतीय प्रसारण कंपनी के बॉम्बे स्टेशन से शुरू हुआ था। 8 जून, 1936 को, भारतीय राज्य प्रसारण सेवा, ऑल इंडिया रेडियो (AIR) बन गई। यह दिन भारत के विकास, शैक्षिक प्रसार और सांस्कृतिक संरक्षण में प्रसारण की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। प्रसारण ने भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान, रेडियो सूचना के प्रसार और एकता को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम था। स्वतंत्रता के बाद, इसने साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता और कृषि ज्ञान को बढ़ावा देने में, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में, महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
1956 में, राष्ट्रीय प्रसारक के लिए आकाशवाणी नाम अपनाया गया। 1957 में विविध भारती सेवा शुरू की गई, जिसका मुख्य घटक लोकप्रिय फिल्म संगीत था।
1927 से, रेडियो देश के लोगों के जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। आकाशवाणी अपने आदर्श वाक्य – बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय – को चरितार्थ करते हुए, जनसाधारण को सूचना, शिक्षा और मनोरंजन प्रदान करती रही है।

