प्रधानमंत्री मोदी ने रोजगार मेले के तहत सरकारी विभागों में नवनियुक्त 51,000 से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किए
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि रोजगार मेला युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें विकसित भारत के निर्माण में उत्प्रेरक बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आज विश्व यह मानता है कि भारत के पास दो असीम शक्तियां हैं, एक इसकी जनसांख्यिकी और दूसरी इसका लोकतंत्र।
प्रधानमंत्री आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में नवनियुक्त युवाओं को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद रोजगार मेले में बोल रहे थे।
नये नियुक्तियों को बधाई देते हुए श्री मोदी ने कहा कि सरकार की रोजगार मेला पहल से लाखों युवाओं को केन्द्र सरकार में स्थायी नौकरियां मिल चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि ये युवा अब राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने देश में विकसित हो रहे स्टार्टअप्स, नवाचार और अनुसंधान के बढ़ते पारिस्थितिकी तंत्र का भी उल्लेख किया, जो देश के युवाओं की क्षमताओं को बढ़ा रहा है।
निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर सरकार के फोकस पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने हाल ही में एक नई योजना रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की सबसे बड़ी ताकत विनिर्माण क्षेत्र है, तथा कहा कि विनिर्माण क्षेत्र में बड़ी संख्या में नई नौकरियां पैदा हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष के बजट में मिशन मैन्युफैक्चरिंग की घोषणा की गई है। श्री मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की हाल ही में जारी एक रिपोर्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया है कि पिछले एक दशक में देश भर में 90 करोड़ से ज़्यादा नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं के दायरे में लाया गया है।
इस बात पर जोर देते हुए कि आज विश्व बैंक जैसी प्रमुख वैश्विक संस्थाएं भारत की प्रशंसा कर रही हैं, श्री मोदी ने कहा कि भारत को दुनिया में समानता के उच्चतम स्तर वाले शीर्ष देशों में गिना जा रहा है।
देश भर में 47 स्थानों पर 16वें रोज़गार मेले का आयोजन किया गया। नए भर्ती हुए कर्मचारी केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे, जिनमें रेल मंत्रालय, राजस्व विभाग, कार्मिक एवं लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय आदि शामिल हैं। देश भर में आयोजित रोज़गार मेलों के माध्यम से अब तक दस लाख से ज़्यादा भर्ती पत्र जारी किए जा चुके हैं।

