विधायक गेस्टहाउस कैंटीन का लाइसेंस रद्द, बासी खाना परोसने पर MLA ने की थी मारपीट
मुंबई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक विधायक गेस्टहाउस कैंटीन का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ द्वारा बासी खाना परोसने को लेकर कैंटीन कर्मचारियों की पिटाई करने और उसके वीडियो के वायरल होने के बाद हुई है। महाराष्ट्र विधानसभा सत्र के लिए मुंबई पहुँचे विधायकों ने कैंटीन के खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें भी की थीं।
एफडीए ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है। अजंता कैटरर्स नामक इस कैंटीन को निलंबित कर दिया गया है। एफडीए ने बताया कि कैंटीन ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंसिंग एवं पंजीकरण) नियम, 2011 के प्रमुख प्रावधानों का उल्लंघन किया है। पनीर, शेजवान चटनी, तेल और तोगड़ी दाल के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट 14 दिनों में आने की उम्मीद है।
वहीं, विधायक संजय गायकवाड़ ने अपने कृत्य के लिए माफी मांगने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कैंटीन में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर कई बार चिंता जताई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने अपने किए पर कोई पछतावा नहीं होने की बात कही।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधायक के व्यवहार की निंदा की। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि इससे लोगों में यह गलत संदेश जा रहा है कि सभी विधायक अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा कि अगर कोई समस्या है, तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन हमला करना अस्वीकार्य है।

