डीएसी ने 10 पूंजी अधिग्रहण प्रस्तावों को मंजूरी दी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद ने स्वदेशी सोर्सिंग के माध्यम से एक लाख करोड़ से अधिक की राशि के दस पूंजी अधिग्रहण प्रस्तावों के लिए आवश्यकता की स्वीकृति प्रदान की है। बख्तरबंद रिकवरी वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, तीनों सेनाओं के लिए एकीकृत कॉमन इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद के लिए मंजूरी दी गई। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ये खरीद उच्च गतिशीलता, प्रभावी हवाई रक्षा, बेहतर आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रदान करेगी और सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों को बढ़ाएगी। मूर्ड माइंस, माइन काउंटर मेजर वेसल्स, सुपर रैपिड गन माउंट और सबमर्सिबल ऑटोनॉमस वेसल्स की खरीद के लिए मंजूरी दी गई। ये खरीद नौसेना और व्यापारिक जहाजों के लिए संभावित जोखिमों को कम करने में सक्षम होंगी।

