विदेश मंत्री जयशंकर ने क्वाड बैठक के लिए अमेरिका यात्रा शुरू की; संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद विरोधी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे
विदेश मंत्री एस जयशंकर आज से अमेरिका के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। वे कल होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निमंत्रण पर अमेरिका जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि क्वाड समूह स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के लिए एक साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए नए प्रस्तावों पर ध्यान केंद्रित करेगा। खास बात यह है कि यह बैठक पहलगाम हमले के बाद क्वाड मंत्रियों की पहली बैठक होगी।
डॉ. जयशंकर आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में “आतंकवाद की मानवीय कीमत” नामक एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। यह प्रदर्शनी दुनिया भर में आतंकवादी कृत्यों के विनाशकारी प्रभावों के साथ-साथ आतंकवाद से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डालेगी। यह आयोजन पाकिस्तान द्वारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभालने से ठीक एक दिन पहले हो रहा है।

