प्रधानमंत्री मोदी बिहार और यूपी में 96,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार और उत्तर प्रदेश में 96 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
बिहार में, श्री मोदी आज सुबह रोहतास जिले के बिक्रमगंज में 48,520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के लिए कई सड़क और रेल संपर्क परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री एनएच-22 के चार लेन वाले पटना-गया-डोभी खंड का उद्घाटन करेंगे, जो लगभग 55 सौ करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना है, और एनएच-27 पर गोपालगंज टाउन में 249 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली चार लेन वाली एलिवेटेड राजमार्ग का एक हिस्सा है। पटना गया डोभी राजमार्ग राजधानी पटना और बिहार के हेरिटेज शहर गया के बीच संपर्क में सुधार करेगा। प्रधानमंत्री सोन नगर-मोहम्मद गंज के बीच तीसरी रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो 1,330 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजना है। वह बिक्रमगंज में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह प्रधानमंत्री की पहली जनसभा होगी।
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आज दोपहर कानपुर में 47,600 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है। श्री मोदी चंद्रशेखर आज़ाद कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
कानपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आज कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन से कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन खंड का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत 2,120 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा प्रधानमंत्री 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 660 मेगावाट की पनकी ताप विद्युत विस्तार परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिससे उत्तर प्रदेश की ऊर्जा क्षमता में वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री 9,330 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली घाटमपुर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट की तीन इकाइयों का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके अलावा श्री मोदी जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे उनमें बिनगवां में 40 एमएलडी क्षमता का ट्रीटमेंट प्लांट, गौतमबुद्ध नगर में 220 और 132 केवी सबस्टेशन, कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, यातायात सुधार और शहरी सेवाओं से जुड़ी अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान वय वंदना योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन और सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक भी देंगे।प्रधानमंत्री के दौरे के लिए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

