FEATUREDNationalPopular

प्रधानमंत्री मोदी देशभर में 103 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे और बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राजस्थान के बीकानेर का दौरा करेंगे, जहां वे 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इन परियोजनाओं में रेलवे, सड़क मार्ग, बिजली, जल और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र शामिल हैं। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे।

देशनोक पहुंचने के बाद श्री मोदी सबसे पहले करणी माता मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक अमृत स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री बीकानेर के पलाना में एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।

राजस्थान का देशनोक स्टेशन उन आठ स्टेशनों में शामिल है जिनका उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना है। राज्य के अन्य सात अमृत स्टेशन हैं बूंदी, मांडलगढ़, गोगामेरी, गोविंदगढ़, मंडावर-महुवा रोड, फतेहपुर शेखावाटी और राजगढ़। देशनोक रेलवे स्टेशन, जो तीर्थयात्रियों और करणी माता मंदिर में आने वाले पर्यटकों को सेवा प्रदान करता है, मंदिर वास्तुकला और मेहराब और स्तंभ थीम से प्रेरित है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के लिए चिन्हित 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों में से 103 अमृत स्टेशनों के पहले बैच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान की धरती से करेंगे।

कल बीकानेर में पुनर्विकसित देशनोक अमृत स्टेशन के दौरे के दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशनोक स्टेशन को स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्र की वास्तुकला को शामिल करते हुए विकसित किया गया है। श्री वैष्णव ने कहा कि इस पहले बैच के बाद आने वाले आठ महीनों में 100 और अमृत स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे और 2027 तक करीब 500 ऐसे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो जाएगा।

हमारे संवाददाता ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि पुनर्विकसित स्टेशन भवनों के डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित हैं। हमारे संवाददाता से और अधिक:

इन सभी स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ग्यारह सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इन अमृत स्टेशनों में से 19 उत्तर प्रदेश में, 18 गुजरात में, 15 महाराष्ट्र में, 9 तमिलनाडु में, छह मध्य प्रदेश में और पांच-पांच छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में स्थित हैं।

भारत भर में पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों में सांस्कृतिक विरासत, यात्री-केंद्रित सुविधाओं, विकलांग व्यक्तियों के लिए सुविधाओं और यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए संधारणीय प्रथाओं के साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे को एकीकृत किया गया है। इस योजना के तहत, स्टेशनों को अधिक स्वच्छ, अधिक आरामदायक और उपयोग में आसान बनाने का लक्ष्य है।