देश जीवंत व्यापार और वाणिज्य केंद्र बनने की ओर अग्रसर: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश एक जीवंत व्यापार और वाणिज्य केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच मुक्त व्यापार समझौते की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा और भारतीय व्यापार और एमएसएमई के लिए अवसर पैदा करेगा। वह आज नई दिल्ली में एक टीवी चैनल कॉन्क्लेव के दौरान बोल रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने यूएई, ऑस्ट्रेलिया और मॉरीशस के साथ व्यापार समझौते किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले बैंकिंग क्षेत्र पतन के कगार पर था, लेकिन आज भारत की बैंकिंग प्रणाली दुनिया की सबसे मजबूत बैंकिंग प्रणालियों में से एक है। उन्होंने कहा कि बैंक रिकॉर्ड मुनाफा कमा रहे हैं और जमाकर्ता सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उल्लेखनीय परिवर्तन उनकी सरकार द्वारा लागू किए गए प्रमुख सुधारों का परिणाम है, जिसमें इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए छोटे बैंकों का रणनीतिक विलय भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मानव-केंद्रित वैश्वीकरण का रास्ता चुना है, जहां विकास केवल बाजारों द्वारा तय नहीं होता है, बल्कि व्यक्तियों की गरिमापूर्ण जीवन जीने और अपने सपनों को पूरा करने की क्षमता से मापा जाता है। श्री मोदी ने कहा कि यह विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मानक है। उन्होंने कहा कि सरकार जीडीपी-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने के बजाय प्रगति के जीईपी-केंद्रित मॉडल- लोगों के सकल सशक्तिकरण की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह दृष्टिकोण सभी के सशक्तिकरण और कल्याण को प्राथमिकता देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।
इस महीने मुंबई में आयोजित भारत के पहले विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) के बारे में बात करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम में मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक उद्योगों से जुड़े दुनिया भर के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह बताया गया कि पिछले तीन वर्षों में अकेले यूट्यूब ने भारतीय कंटेंट क्रिएटर्स को 21 हजार करोड़ रुपये कमाए हैं।

