कृषि अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है खेती: कृषि मंत्री
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि खेती देश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। नई दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद व्याख्यान के 60 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रीय स्मृति संगोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने ग्रामीण गरीबी में उत्साहजनक कमी और देश में लोगों के जीवन स्तर में आए सकारात्मक बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना महिला सशक्तिकरण के लिए एक बड़ा अभियान साबित हुई है। कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हाल ही में धान की दो नई किस्में विकसित की गई हैं, जिनसे उपज में 30 प्रतिशत की वृद्धि होगी, 20 प्रतिशत कम पानी की आवश्यकता होगी और 20 दिन पहले पक जाएगी। श्री चौहान ने यह कहते हुए समापन किया कि भारत एक राष्ट्र के रूप में सांस्कृतिक विरासत और आधुनिकता के सामंजस्यपूर्ण मिश्रण के साथ आगे बढ़ेगा।

