केंद्रीय गृह सचिव नागरिक सुरक्षा तैयारियों के मूल्यांकन के लिए मॉक ड्रिल पर राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक करेंगे
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों से नागरिक सुरक्षा तैयारियों का मूल्यांकन करने के लिए कल मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा है। इसने देश के 244 वर्गीकृत नागरिक सुरक्षा जिलों में नागरिक सुरक्षा अभ्यास और रिहर्सल आयोजित करने का निर्णय लिया है। अभ्यास का आयोजन गांव स्तर तक करने की योजना बनाई गई है।
केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन भी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल पर बैठक करने वाले हैं।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि नागरिक सुरक्षा अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न नागरिक सुरक्षा उपायों की परिचालन प्रभावकारिता और समन्वय का आकलन करना है।
इस अभ्यास का उद्देश्य सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तत्परता का आकलन करना और उसे बढ़ाना है। इसका प्राथमिक उद्देश्य हवाई हमले की चेतावनी प्रणाली की प्रभावशीलता का आकलन करना, भारतीय वायु सेना के साथ हॉटलाइन या रेडियो संचार लिंक का संचालन करना, साथ ही नियंत्रण कक्षों की कार्यक्षमता का परीक्षण करना है। इस अभ्यास में शत्रुतापूर्ण हमले की स्थिति में खुद को बचाने के लिए नागरिक सुरक्षा पहलुओं पर नागरिकों और छात्रों को प्रशिक्षण देना भी शामिल है। क्रैश ब्लैकआउट उपायों के प्रावधान के अलावा, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को जल्दी से छिपाने और निकासी योजना को अपडेट करने और इसके पूर्वाभ्यास का प्रावधान भी मॉक ड्रिल में शामिल है।

