भारत का पहला वेव्स 2025 शिखर सम्मेलन मुंबई में संपन्न हुआ
भारत का पहला विश्व ऑडियो विजुअल मनोरंजन शिखर सम्मेलन (WAVES) 2025 आज मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में संपन्न हुआ। गुरुवार को शुरू हुए चार दिवसीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस शिखर सम्मेलन में 90 से अधिक देशों के दस हज़ार से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस शिखर सम्मेलन में मीडिया और मनोरंजन उद्योग के कुछ सबसे प्रतिभाशाली और प्रभावशाली लोगों को सफलतापूर्वक एक साथ लाया गया। इस कार्यक्रम में मीडिया और मनोरंजन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मीडिया का वैश्वीकरण, सामग्री निर्माण का भविष्य और उभरती प्रौद्योगिकियों के गहन प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कई तरह की चर्चाएँ की गईं।
वेव्स बाज़ार में देशभर के रचनाकारों और फ़िल्म निर्माताओं के साथ एक हज़ार तीन सौ करोड़ रुपए से ज़्यादा के व्यापारिक सौदे हुए। शिखर सम्मेलन के दौरान ग्लोबल मीडिया डायलॉग में 77 देशों के प्रतिनिधियों ने वेव्स घोषणापत्र को अपनाया। चार दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें पारंपरिक लोक नृत्यों, मार्शल आर्ट प्रदर्शनों और जीवंत ढोल वादन के माध्यम से भारत की विशाल कलात्मक विविधता को उजागर किया गया।

