कांग्रेस ने की जातिवार जनगणना की समय सीमा घोषित करने की मांग
महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व सीडब्ल्यूसी के सदस्य नसीम खान ने केंद्र सरकार के जातिवार जनगणना कराने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने जातिवार जनगणना की समय सीमा घोषित करने और 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को हटाने की मांग की है।
कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि एक समय भाजपा जातिगत जनगणना का विरोध कर रही थी। लेकिन हमारे नेता राहुल गांधी के दबाव की वजह से अब उन्हें यह फैसला लेना पड़ा है। केंद्र सरकार ने जातिगत जनगणना का फैसला लिया है। लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि इस काम को कितने समय में पूरा किया जाएगा। यह बाद में कोई जुमला न साबित हो। नसीम ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को आजादी दिलाने का काम किया और आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू के दूरदर्शी नेतृत्व ने विकास की नींव रखी और देश को दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि हाराष्ट्र राज्य की स्थापना के बाद पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण और कांग्रेस सरकार ने महाराष्ट्र को नंबर एक राज्य बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। नसीम गुरुवार को महाराष्ट्र कांग्रेस मुख्यालय तिलक भवन में महाराष्ट्र दिवस और श्रमिक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

