गृह मंत्री अमित शाह आतंकी हमले का जायजा लेने पहलगाम पहुंचे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अनंतनाग जिले के पहलगाम में पर्यटकों के एक समूह पर कल हुए आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए पहलगाम पहुंचे हैं।
वह बैसरन वन क्षेत्र में आतंकवादी हमले के स्थल का दौरा करेंगे।
उनके अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का भी दौरा करने की संभावना है, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में मृतकों को पुष्पांजलि अर्पित की। शवों को श्रीनगर से विशेष विमान से उनके पैतृक स्थानों पर ले जाया जा रहा है।
पहलगाम, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और आसपास के कुलगाम और दक्षिण कश्मीर के अन्य जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इस बीच, पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के विरोध में कश्मीर घाटी में दिनभर पूर्ण बंद है।
अधिकांश दुकानें, बाजार और स्थानीय औद्योगिक एवं विनिर्माण इकाइयां बंद हैं। निजी सार्वजनिक परिवहन सड़कों से नदारद है।
सड़कें सुनसान दिख रही हैं। सभी निजी शिक्षण संस्थानों ने आज अपनी कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। सभी व्यापारिक, औद्योगिक निकायों और संस्थाओं के अलावा नागरिक समाज संगठनों ने कल पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा की है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती हत्याओं के खिलाफ और हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही हैं।

