पश्चिम बंगाल के राज्यपाल मुर्शिदाबाद हिंसा पर केंद्र को रिपोर्ट सौंपेंगे; मुख्यमंत्री के समक्ष भी मुद्दा उठाएंगे
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने कहा है कि वह मुर्शिदाबाद में सांप्रदायिक हिंसा की घटना को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समक्ष उठाएंगे और वहां की जमीनी स्थिति पर अपने निष्कर्षों पर एक रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेंगे।
राज्यपाल ने मुर्शिदाबाद जिले के संकटग्रस्त इलाकों का दौरा पूरा करने के बाद कोलकाता लौटते समय पत्रकारों से कहा कि प्रभावित लोगों से उन्हें जो पता चला है, वह यह है कि उन पर बर्बर हमले किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में ऐसे हमले स्वीकार्य नहीं हैं।
राज्यपाल ने कहा कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री के साथ-साथ केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की सुरक्षा करना केंद्र और राज्य सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
श्री बोस ने यह भी कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती के बाद अशांत क्षेत्रों में स्थिति काफी हद तक सुधर गई है।

