चंडीगढ़ की महिला इंस्टाग्राम वीडियो लाइक कर फंसी, 5.69 लाख रुपये की ठगी का शिकार
Cyber Fraud: देशभर में साइबर फ्रॉड के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है, और अब चंडीगढ़ से एक और साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक 27 वर्षीय महिला को इंस्टाग्राम वीडियो लाइक करने के नाम पर 5.69 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना लिया गया। यह धोखाधड़ी वर्क-फ्रॉम-होम जॉब के बहाने अंजाम दी गई, जिसमें महिला को आसान पैसे कमाने का झांसा दिया गया था।
कैसे हुई ठगी
रिपोर्ट्स के अनुसार, 25 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर 17 स्थित राजीव कॉलोनी की निवासी महिला को व्हाट्सएप पर एक मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज भेजने वाली महिला ने खुद को स्नेहा वर्मा बताया और दावा किया कि वह एक कंपनी में काम करती है, जो घर बैठे पैसे कमाने के अवसर प्रदान करती है। उसने महिला को इंस्टाग्राम वीडियो लाइक करने जैसे छोटे-छोटे टास्क देकर प्रतिदिन 4,000 से 8,000 रुपये तक कमाने का ऑफर दिया।
आसान पैसे कमाने का मौका देखकर महिला इस झांसे में फंस गई और टास्क करना शुरू कर दिया। शुरुआत में उसे एक वीडियो लिंक भेजकर लाइक करने को कहा गया और फिर आगे के टास्क के लिए टेलीग्राम ग्रुप में शामिल होने को कहा गया। टास्क पूरे करने के बाद महिला के फर्जी अकाउंट में कमाई दिखाई गई, जिससे उसे यह विश्वास हो गया कि वह सच में पैसा कमा रही है।
इसके बाद ठगों ने उसे अधिक पैसे कमाने के लिए निवेश करने के लिए राजी कर लिया। महिला ने पहले 1.5 लाख रुपये कई अलग-अलग बैंक खातों में भेजे। धीरे-धीरे उसे और बड़ी रकम जमा करने के लिए प्रेरित किया गया और अंततः 5.69 लाख रुपये की ठगी हो गई। स्कैमर्स ने एक फर्जी ऐप पर नकली प्रॉफिट दिखाकर उसे भरोसा दिलाया कि उसका पैसा बढ़ रहा है।
लेकिन जब महिला ने अपनी कमाई निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने नया नियम लागू किया, जिसमें कहा गया कि उसका स्कोर 100 पॉइंट तक पहुंचना जरूरी है। पैसे निकालने के लिए उसे 5 लाख रुपये और मांगे गए, जिससे उसे शक हुआ। तब जाकर उसने अपने परिवार को इस बारे में बताया और चंडीगढ़ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, यह स्कैम फर्जी प्रोफाइल और शेल अकाउंट्स के ज़रिए चलाया जा रहा है, जिससे अपराधियों का पता लगाना मुश्किल हो रहा है।
ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय
यह घटना दिखाती है कि कैसे साइबर ठग लोगों की लालच का फायदा उठाकर उनकी मेहनत की कमाई लूट रहे हैं। ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए सतर्क रहना बेहद ज़रूरी है। किसी भी संदिग्ध वर्क-फ्रॉम-होम ऑफर से बचें और अनजान लोगों के साथ बैंकिंग जानकारी साझा न करें।

