प्रधानमंत्री मोदी ने जापान कॉर्पोरेट कार्यकारी संघ से मुलाकात की, आर्थिक संबंधों को मजबूत किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली में जापान एसोसिएशन ऑफ कॉरपोरेट एग्जीक्यूटिव्स के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिसका नेतृत्व इसके अध्यक्ष ताकेशी निनामी ने किया। इस प्रतिनिधिमंडल से भारत और जापान के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए उनके विचार और सुझाव लिए गए। इस दौरान द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने, निवेश के अवसरों को बढ़ाने और कृषि, समुद्री उत्पाद, अंतरिक्ष, रक्षा, बीमा, प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे, नागरिक उड्डयन, स्वच्छ ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा और एमएसएमई साझेदारी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी पर प्रकाश डाला और व्यापार के अनुकूल माहौल प्रदान करने के भारत के दृढ़ संकल्प की पुष्टि की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत में विकसित जापान प्लस प्रणाली भारत में जापानी निवेश को सुगम और तेज़ बनाएगी। श्री मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि निवेशकों के लिए कोई अस्पष्टता या हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए और भारत सरकार पारदर्शी और पूर्वानुमानित माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विमानन और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे के निर्माण की दिशा में काम कर रहा है। श्री मोदी ने आगे कहा कि भारत की विशाल विविधता एआई परिदृश्य को बढ़ाने में एक प्रमुख भूमिका निभाएगी।
जापान के वरिष्ठ कारोबारी नेताओं से मिलकर बने केइज़ाई दोयुकाई प्रतिनिधिमंडल ने भारत के लिए अपनी योजनाएँ साझा कीं। दोनों पक्षों ने भविष्य के सहयोग के बारे में आशा व्यक्त की और आने वाले वर्षों में व्यापार और निवेश संबंधों को गहरा करने की उम्मीद जताई।

