विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष दूत जूली बिशप के साथ बातचीत की
विदेश मंत्री एस जयशंकर और संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष दूत जूली बिशप ने कल नई दिल्ली में बातचीत की, जिसमें म्यांमार में तेजी से बदलते हालात पर चर्चा हुई। बिशप इस समय भारत की यात्रा पर हैं।
पिछले साल अप्रैल में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बिशप को म्यांमार के लिए अपना विशेष दूत नियुक्त किया था। 1 फरवरी, 2021 को तख्तापलट के ज़रिए सेना द्वारा सत्ता हथियाने के बाद से म्यांमार में लोकतंत्र की बहाली की मांग को लेकर व्यापक हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
प्रतिरोध बलों ने पहले ही भारत, चीन और बांग्लादेश के साथ सीमाओं पर कई प्रमुख व्यापारिक बिंदुओं पर कब्ज़ा कर लिया है। म्यांमार भारत के रणनीतिक पड़ोसियों में से एक है, और यह उग्रवाद प्रभावित नागालैंड और मणिपुर सहित कई पूर्वोत्तर राज्यों के साथ 1,640 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है।

