CityMumbai

महाराष्ट्र: हिंसा के बाद नागपुर में निषेधाज्ञा लागू

महाराष्ट्र में कल शाम मध्य नागपुर के महल इलाके में दो समूहों के बीच तनाव फैल गया। धार्मिक प्रतीकों की कथित तोड़फोड़ की अफवाहों के कारण दो समूहों के बीच सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया, जिसके परिणामस्वरूप कुछ असामाजिक भीड़ ने पथराव किया और वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

दंगा नियंत्रण के लिए तैनात पुलिस बलों ने चिटनिस पार्क और महल इलाकों में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। साइबर टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुलिस ने हिंसक झड़पों में शामिल करीब 15 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान भी चलाया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। हालांकि, इस घटना का असर देर रात नागपुर के दूसरे इलाकों में भी देखने को मिला, जहां असामाजिक भीड़ ने पार्क की गई गाड़ियों में आग लगा दी और घरों को नुकसान पहुंचाया। नागपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. रविंदर सिंघल ने नागपुर सिटी पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले कुछ इलाकों में लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाने के लिए बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) की धारा 163 लागू कर दी है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों और एसपीआरएफ की एक टीम को भी तैनात किया गया है।

नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले आज सुबह 10 बजे महल क्षेत्र का दौरा करेंगे।