प्रधानमंत्री मोदी आज नई दिल्ली में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ वार्ता करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ बातचीत करेंगे, जिसमें भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। श्री लक्सन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री लक्सन मुंबई भी जाएंगे जहां वे कारोबारी नेताओं से बातचीत करेंगे। श्री लक्सन की यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है, सभी क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने की उनकी प्रतिबद्धता की पुष्टि करना है।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री कल पांच दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, कारोबारी, मीडिया और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य शामिल हैं।

