Science

टेलीकॉम यूजर्स की संख्या 119 करोड़ के करीब, जियो ने बढ़ाई अपनी ताकत, Vi को झटका

देश में टेलीकॉम यूजर्स की संख्या 119 करोड़ के पास पहुंची, जियो की बढ़त, Vi को झटका

दिसंबर में देश में टेलीकॉम ग्राहकों की संख्या बढ़कर 119 करोड़ के करीब पहुंच गई है। दिसंबर में रिलायंस जियो ने सबसे ज्यादा नए कस्टमर्स जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया और BSNL को बड़ा झटका लगा है। अब देश में टेलीफोन सब्सक्राइबर की संख्या 118.99 करोड़ हो गई है, जबकि नवंबर में यह संख्या 118.72 करोड़ थी, जो कि मामूली वृद्धि को दर्शाता है। यह जानकारी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की ताजा रिपोर्ट में सामने आई है।

जियो बनी देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी

TRAI के अनुसार, रिलायंस जियो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन चुकी है, जिसके पास कुल 47.66 करोड़ ग्राहक हैं। एयरटेल दूसरे स्थान पर है, उसके पास 28.93 करोड़ यूजर्स हैं, जबकि वोडाफोन आइडिया तीसरे स्थान पर है, जिसके पास 12.64 करोड़ यूजर्स हैं। दिसंबर में, जियो ने 39.1 लाख नए कस्टमर्स जोड़े, जबकि एयरटेल ने 10.3 लाख नए कस्टमर्स जोड़े। इसके विपरीत, वोडाफोन आइडिया, BSNL और MTNL के ग्राहकों की संख्या में गिरावट आई है। दिसंबर में वोडाफोन आइडिया ने 17.15 लाख कस्टमर्स गंवाए, जबकि BSNL और MTNL ने क्रमशः 3,16,599 और 8,96,988 ग्राहक खो दिए हैं।

ग्रामीण क्षेत्र से शहरी क्षेत्र की ओर बढ़े कस्टमर्स

नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, देश में शहरी टेलीकॉम यूजर्स की संख्या बढ़ रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में इसका गिरावट आ रही है। दिसंबर में शहरी कस्टमर्स की संख्या नवंबर के 65.99 करोड़ से बढ़कर 66.34 करोड़ हो गई, वहीं ग्रामीण कस्टमर्स की संख्या घटकर 52.66 करोड़ रह गई। नवंबर में यह संख्या 52.73 करोड़ थी। रिपोर्ट के मुताबिक, देश में वायरलेस ग्राहकों की संख्या दिसंबर में बढ़कर 115.07 करोड़ और वायरलाइन ग्राहकों की संख्या बढ़कर 3.93 करोड़ हो गई है।