संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है। 4 अप्रैल तक चलने वाले सत्र के दूसरे चरण में 20 बैठकें होंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज मणिपुर का बजट पेश करेंगी। पिछले महीने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद से राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि सत्र के दौरान वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान मांगों और संबंधित विनियोग विधेयक पर चर्चा और मतदान किया जाएगा।
वित्तीय व्यवसाय के अलावा, बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक, तटीय नौवहन विधेयक, 2024, आव्रजन और विदेशी विधेयक, 2025 और रेलवे (संशोधन) विधेयक सहित कई विधेयकों को सत्र के दूसरे चरण के दौरान चर्चा और पारित करने के लिए लिया जाएगा। संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 13 फरवरी तक चला था। सत्र की शुरुआत संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से हुई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। पहले भाग के दौरान लोकसभा में 112 प्रतिशत उत्पादकता दर्ज की गई। वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 पर संयुक्त समिति की रिपोर्ट भी लोकसभा में पेश की गई।

