Science

क्या आपके नाम पर एक्टिव तो नहीं है फर्जी सिम कार्ड? DoT ने मोबाइल यूजर्स को किया अलर्ट, जानिए क्या करना है

दूरसंचार विभाग (DoT) ने मोबाइल यूजर्स को एक महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है। DoT ने बताया कि साइबर अपराधी आपके दस्तावेज़ का गलत इस्तेमाल करके आपके नाम पर फर्जी सिम कार्ड जारी कर सकते हैं, जिनका उपयोग साइबर धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है। इससे आपको गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके खिलाफ सुरक्षा के उपाय बताते हुए DoT ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है।

फर्जी सिम कार्ड से कैसे बचें

DoT ने एक ट्वीट में बताया कि अगर आपको लगता है कि आपके नाम पर कोई ऐसा मोबाइल नंबर एक्टिव है, जिसे आपने कभी उपयोग नहीं किया, तो आपको उसे तुरंत रिपोर्ट करना चाहिए। इसके लिए आप केन्द्र सरकार द्वारा लॉन्च किए गए संचार साथी पोर्टल और ऐप का उपयोग कर सकते हैं।

फर्जी सिम कार्ड का पता कैसे लगाएं

संचार साथी पोर्टल का उपयोग करके आप जान सकते हैं कि आपके नाम पर कौन-कौन से सिम कार्ड जारी किए गए हैं। अगर कोई सिम कार्ड आपको अनधिकृत लगता है, तो आप उसे हटाने का अनुरोध कर सकते हैं।

फर्जी सिम कार्ड हटाने के लिए इन स्टेप्स का पालन करें

  1. सबसे पहले संचार साथी के वेब पोर्टल या ऐप पर जाएं।
  2. यहां Know Mobile Connections in Your Name ऑप्शन को चुनें।
  3. क्लिक करने पर TAFCOP का नया विंडो खुलेगा।
  4. अपना मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करें।
  5. इसके बाद आपके नंबर पर जो OTP आएगा, उसे दर्ज करें और पोर्टल में लॉग-इन करें।
  6. लॉग-इन होने के बाद आपको अपने नाम पर जारी सभी सिम कार्ड का विवरण दिखाई देगा।
  7. यदि आपको कोई फर्जी सिम कार्ड दिखाई दे, तो उसे Not Required के ऑप्शन के माध्यम से हटाने का अनुरोध करें।
  8. इसके बाद, दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम कंपनियां आपकी रिक्वेस्ट पर कार्रवाई करेंगी और उस नंबर को ब्लॉक कर दिया जाएगा।

सुरक्षित रहें और फर्जी सिम कार्ड से बचें!