केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नई दिल्ली में पूसा कृषि विज्ञान मेला 2025 का उद्घाटन करेंगे
पूसा कृषि विज्ञान मेला 2025 आज नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मेले का उद्घाटन करेंगे।
तीन दिवसीय मेले का विषय है उन्नत कृषि – विकसित भारत। 24 फरवरी को समापन सत्र में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।
आकाशवाणी संवाददाता ने बताया है कि कृषि विज्ञान मेले का मुख्य आकर्षण भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित अत्याधुनिक किस्मों और प्रौद्योगिकियों का लाइव प्रदर्शन होगा।
आगंतुकों को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, कृषि विज्ञान केन्द्रों, कृषक उत्पादक संगठनों, उद्यमियों और स्टार्ट-अप्स की आशाजनक प्रौद्योगिकियों, उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनियों को देखने का अवसर भी मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, जलवायु-अनुकूल कृषि, फसल विविधीकरण, डिजिटल कृषि, तथा युवाओं और महिलाओं के लिए उद्यमिता विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित तकनीकी सत्र और किसान-वैज्ञानिक बातचीत आयोजित की जाएगी। मौके पर कृषि-सलाह भी प्रदान की जाएगी।

