9वीं एशिया आर्थिक वार्ता कल पुणे में शुरू होगी
महाराष्ट्र के पुणे में कल से 9वीं एशिया आर्थिक वार्ता आयोजित की जा रही है। एशिया आर्थिक वार्ता विदेश मंत्रालय की भू-अर्थशास्त्र पर वार्षिक फ्लैगशिप ‘ट्रैक 1.5 वार्ता’ है। तीन दिवसीय वार्ता का आयोजन पुणे अंतर्राष्ट्रीय केंद्र के सहयोग से किया जा रहा है। वार्ता का विषय है “विखंडन के युग में आर्थिक लचीलापन और पुनरुत्थान।” वार्ता भू-अर्थशास्त्र में प्रमुख समकालीन विषयों पर चर्चा करेगी, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और स्वचालन, साइबर सुरक्षा की आर्थिक अनिवार्यताएं और हिंद महासागर क्षेत्र और उससे आगे ब्लू इकोनॉमी के पहलू शामिल हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक विखंडन की जटिलताओं को दूर करना और लचीलापन और पुनरुत्थान के लिए कार्रवाई योग्य मार्गों की पहचान करना भी है। एशिया आर्थिक वार्ता 2025 भारत और विदेशों के राजनीतिक नेताओं और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों को विचार-विमर्श के लिए एक साथ लाएगी।

