Meta ने घरेलू कामों में सहायता के लिए इंसानों जैसे दिखने वाले रोबोट बनाने की योजना तैयार की
मेटा अब घरेलू कामों में मदद करने के लिए इंसानों की तरह दिखने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट बना रही है। ये रोबोट घरेलू कार्यों में सहायक होंगे और मेटा इसके लिए हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर विकसित कर रही है। कंपनी ने इसके लिए अपने रियलिटी लैब्स डिविजन में एक नई टीम बनाई है और इस साल 100 इंजीनियरों को हायर करने की योजना बनाई है। आइए जानते हैं इस परियोजना के बारे में और क्या जानकारी मिली है।
अन्य कंपनियों के लिए बनाएगी रोबोट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेटा रोबोट के लिए AI, सेंसर और सॉफ्टवेयर बनाएगी, जिन्हें वह अन्य कंपनियों को बेचेगी। फिर ये कंपनियां मेटा ब्रांड के ह्यूमनॉइड रोबोट की बिक्री करेंगी। आसान शब्दों में कहें तो मेटा खुद रोबोट लॉन्च नहीं करेगी, बल्कि यह जरूरी कंपोनेंट्स तैयार करेगी, जैसा कि गूगल और क्वालकॉम स्मार्टफोन के लिए करती हैं। कंपनी का उद्देश्य ह्यूमनॉइड रोबोट के लिए ऐसे प्रोटोटाइप तैयार करना है, जिन्हें फाउंडेशन के तौर पर उपयोग किया जा सके।
रियलिटी लैब्स डिविजन पर मेटा का बड़ा खर्च
मेटा पिछले कुछ सालों से रियलिटी लैब्स डिविजन पर भारी निवेश कर रही है। यह डिविजन क्वेस्ट VR हेडसेट और रे-बेन स्मार्ट ग्लासेस जैसे उत्पाद तैयार करती है। इस साल भी कंपनी ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर, ह्यूमनॉइड रोबोट्स और अन्य उत्पादों पर 65 बिलियन डॉलर का निवेश करने की योजना बनाई है।
कई कंपनियां इस रेस में शामिल हैं
इंसानों की तरह दिखने वाले रोबोट बनाने की रेस में कई कंपनियां शामिल हो चुकी हैं। एलन मस्क की कंपनी टेस्ला पहले ही अपने ऑप्टिमस रोबोट को पेश कर चुकी है और इसके कई वीडियो भी सामने आ चुके हैं। इसके अलावा, ऐपल ने एक नया पिक्सर-स्टाइल लैंप तैयार किया है, जो वॉयस कमांड और जेस्चर के जरिए इंटरेक्ट कर सकता है। NVIDIA भी इस क्षेत्र में बड़ी योजनाओं के साथ आगे बढ़ रही है।

