पूरे देश में भूजल गुणवत्ता के 20% सैंपल फेल; यूपी, पंजाब और हरियाणा में प्रदूषण अधिक, जानें बाकी राज्यों का हाल
नई दिल्ली02 जनवरी। पूरे देश में भूजल की गुणवत्ता को लेकर लगभग 20 प्रतिशत सैंपल निर्धारित कसौटी पर असफल रहे हैं। इन सैंपलों में नाइट्रेट का स्तर सीमा से अधिक है, जबकि नौ प्रतिशत सैंपलों में आर्सेनिक का स्तर निर्धारित सीमा से अधिक मिला है। पानी की गुणवत्ता को लेकर फिर से चिंताजनक तस्वीर केंद्रीय भूजल बोर्ड की सालाना रिपोर्ट में सामने आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार भूजल की गुणवत्ता अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग है।
अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय, जम्मू-कश्मीर जैसे कुछ क्षेत्रों में पानी के सौ प्रतिशत सैंपल बीआईएस मानक की कसौटी पर खरे उतरे। मगर इसके विपरीत राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और आंध्र प्रदेश में पानी के व्यापक रूप से दूषित होने का तथ्य सामने आया है। पूरे देश में 15,259 भूजल निगरानी स्थानों का चयन गुणवत्ता मापने के लिए किया गया था।

