FEATUREDInternationalPopular

दक्षिण कोरिया में विपक्ष ने येओल के खिलाफ दूसरे महाभियोग प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष से मांगा सहयोग

सियोल, 13 दिसंबर । दक्षिण कोरिया के विपक्षी नेता ली जे-म्युंग ने आज सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों से राष्ट्रपति यून सुक येओल पर मार्शल लॉ लागू करने की कोशिश पर महाभियोग चलाने के दूसरे प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इतिहास इसके लिए उन्हें याद रखेगा। ली जे-म्युंग मुख्य विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हैं।

ली ने राष्ट्रपति यून के खिलाफ महाभियोग पर मतदान होने से एक दिन पहले नेशनल असेंबली में यह आह्वान किया। उन्होंने सदस्यों से कहा, आपका चाहे जो दल हो, चाहे जो विचारधारा हो, चाहे आप प्रगतिशील हों या रूढ़िवादी, संविधान का सम्मान और संप्रभु राष्ट्र की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वक्त की मांग है कि यून और सत्तारूढ़ पीपल पावर पार्टी की रक्षा नहीं करनी चाहिए।