Mumbai

महाराष्ट्रः विधान परिषद की पांच सीटों के लिए मतदान जारी, वोटों की गिनती 2 फरवरी को

मुंबई, 30 जनवरी । महाराष्ट्र में विधान परिषद की पदवीधर और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटों पर सोमवार सुबह से मतदान हो रहा है। नासिक और अमरावती पदवीधर निर्वाचन क्षेत्र के साथ औरंगाबाद, नागपुर और कोकण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदाता सुबह से मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इन पांच सीटों पर वोटों की गिनती 2 फरवरी को होगी।

औरंगाबाद शहर में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए सुबह से मतदान जारी है। भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार किरण पाटिल ने तहसील कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। किरण पाटिल ने कहा कि यहां भाजपा के प्रति लोगों में उत्साह दिख रहा है, इसलिए उनकी जीत पक्की है।

नासिक पदवीधर निर्वाचन क्षेत्र की महाविकास आघाड़ी की उम्मीदवार शुभांगी पाटिल ने धुले में नगर निगम स्कूल नंबर 8 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने मतदान से पहले धुले में खानदेश की कुलस्वामिनी एकवीरा देवी माता का दर्शन भी किया। इसी तरह निर्दलीय उम्मीदवार और कांग्रेस के बागी उम्मीदवार सत्यजीत तांबे ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सत्यजीत तांबे को भाजपा ने समर्थन की घोषणा की है। सत्यजीत तांबे के लिए राज्य के आदिवासी विकास मंत्री डॉ. विजय कुमार गावित, सांसद हिना गावित ने भी नंदुरबार में वोटिंग की।

अमरावती पदवीधर निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार डॉ. रंजीत पाटिल ने आज सुबह आकोला के आरडीजी कालेज में अपनी पत्नी डॉ. अपर्णा पाटिल के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह नागपुर और कोंकण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान जारी है।