मुंबई में आज होगी झमाझम बारिश, फिर 15 सितंबर तक सुस्त रहेगा मॉनसून
मुंबई में बारिश के सुस्त पड़ते ही गर्मी हावी हो जाती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 एमएम दर्ज किया गया। वहीं, उमस का स्तर दिन में 82 फीसदी और रात में 85 फीसदी तक पहुंच गया था। तापमान में वृद्धि और उमस के कारण मुंबईकरों के पसीने छूटेंगे।
मुंबई: मुंबई में गुरुवार यानि आज अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इसके बाद फिर मध्य सितंबर तक मॉनसून सुस्त रहेगा। इस दौरान केवल पासिंग शॉवर मिलने की उम्मीद है। ऐसे में मुंबईकरों को अगस्त की तरह उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मुंबई में बीते दो दिन रुक-रुककर ही सही, थोड़ी बारिश हुई थी। मंगलवार सुबह 8.30 बजे से लेकर बुधवार सुबह 8.30 बजे तक उपनगर में 11 एमएम और शहर में 1.2 एमएम बारिश हुई थी, लेकिन बुधवार को बारिश न के बराबर हुई थी।
मुंबई को आगामी 3 से 4 दिनों तक केवल पासिंग शॉवर मिलेंगे
क्षेत्रीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक उपनगर में 3.2 एमएम और शहर में मात्र 0.2 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि फिलहाल मुंबई को आगामी 3 से 4 दिनों तक केवल पासिंग शॉवर मिलेंगे। बारिश देने के लिए फिलहाल कोई भी सिस्टम नहीं है। मौसम विशेषज्ञ ऋषिकेश आग्रे ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने एक लो प्रेशर के कारण मुंबई को सोमवार और मंगलवार को थोड़ी बारिश मिली। महानगर में और भी बारिश हो सकती थी, लेकिन सिस्टम ने अपना रुख गुजरात की ओर कर लिया। अब मुंबईकरों को केवल पासिंग शॉवर यानी कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर कुछ मिनटों के लिए बारिश मिलेगी। अच्छी बारिश के फिलहाल कोई आसार नज़र नहीं आ रहे हैं।
जमकर हुई बारिशभले मॉनसून सुस्त पड़ गया है, लेकिन मुंबई में सीजन की सामान्य बारिश का कोटा अगस्त में ही पूरा हो गया था। शहर में मॉनसून के 4 महीने में 2094.5 एमएम और उपनगर में 2318.8 एमएम बारिश होती है। वहीं जून से लेकर बुधवार सुबह 8.30 बजे तक शहर में 2218.8 एमएम और उपनगर में 2455.8 एमएम बारिश अब तक हो चुकी है।

