भोपालः रानी कमलापति स्टेशन पर आाज विभाजन का दर्द बयां करती प्रदर्शनी का अनावरण
भोपाल, 14 अगस्त । ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के तहत आज (14 अगस्त को) सम्पूर्ण देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तौर पर याद किया जा रहा है। इस अवसर पर रानी कमलापति स्टेशन पर प्रातः 10.30 बजे से आयोजित कार्यक्रम में आमन्त्रित स्वतंत्रता सेनानियों के कर कमलों द्वारा देश विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की प्रदर्शनी का अनावरण किया जाएगा।
इस अवसर पर गणमान्य व्यक्ति, मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी सहित मंडल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनसामान्य उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त भोपाल मण्डल के भोपाल, बीना, इटारसी स्टेशन पर विभाजन विभीषिका स्मृति से सम्बंधित प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में चित्रों के माध्यम से विभाजन के समय लोगों के पलायन को दर्शाया गया है।
वर्तमान पीढ़ी को विभाजन का दर्द बताने का प्रयास
प्रदर्शित चित्रों के माध्यम से वर्तमान पीढ़ी को विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गयीं कठिनाइयों को स्मरण कराने हेतु यह प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से युवा पीढ़ी को यह बताने का प्रयास किया जाएगा कि भारत का विभाजन किसी भी विभीषिका से कम नहीं है। इस प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़े यथासंभव प्रकरणों का प्रदर्शन किया गया है।

