जल्द गड्ढा मुक्त होगा मुंबई-अहमदाबाद हाइवे: एनएचएआई
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद तेजी से चल रहा गड्ढा भरने का काम
मुंबई, 12 अगस्त, । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संबंधित अधिकारियों को मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर हुए गड्ढों को जल्द से जल्द भरने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर एनएचएआई ने गंभीरता दिखाते हुए गड्ढों को भरने का काम तेज कर दिया है। एनएचएआई के एक अधिकारी ने कहा कि हाइवे के लगभग सभी गड्ढों को भर दिया गया है। अगले हफ्ते से सर्विस रोड का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इससे आने वाले दिनों में लोगों को और राहत मिल जाएगी। इधर, पिछले दो दिनों से हाइवे पर ट्रैफिक जाम की समस्या से वाहन चालकों ने थोड़ी राहत मिली है। अगले कुछ दिनों में हाइवे ट्रैफिक जाम से पूरी तरह से मुक्त होने की संभावना है।
मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर वर्सोवा ब्रिज से लेकर विरार फाटा के बीच गड्ढों से होने वाली समस्या को देखते हुए एनएचएआई ने तलासरी से लेकर काशीमीरा तक हाइवे को कंक्रीट (वाइट टॉपिंग) से बनाने का फैसला लिया। इसके लिए केंद्र सरकार ने लगभग 621 करोड़ की राशि देने का प्रावधान किया। जनवरी 2024 में इसका कार्य शुरू हुआ। पर, मानसून के दौरान मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। इन गड्ढों के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम और हादसों को लेकर राजनीतिक दलों द्वारा विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। समस्या का हल निकालने के लिए पूर्व सांसद ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की, तो मौजूदा सांसद ने केंद्रीय मंत्री को पत्र देकर समस्या से अवगत कराया। हाल ही में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एनएचएआई के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि हाइवे के गड्ढों को जल्द से जल्द भरा जाए। एनएचएआई के अधिकारियों व ठेकेदार ने मुख्यमंत्री के आदेश को गंभीरता से लेते हुए तेज गति से गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। एनएचएआई के अधिकारी सुमित कुमार ने कहा कि हाइवे के लगभग सभी गड्ढों को भर दिया गया है। अगले हफ्ते से सर्विस रोड का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस पर हाइवे पुलिस के पुलिस निरीक्षक विट्ठल चिंतामन ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद यह कार्य काफी तेजी से हुआ है। अगले कुछ ही दिनों में हाइवे पूरी तरह से जाम मुक्त होने की संभावना है।

