वसई-विरार के अलकापुरी, ओसवाल नगरी, विराट नगर और उमेलमानस में बनेंगे चार रेलवे फ्लाइओवर, जानें क्या होगा रूट
वसई-विरार की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या को हल करने के लिए एमएमआरडीए ने चार फ्लाइओवरों के निर्माण को मंजूरी दी है। शहर में सड़कों की संकरी हालत और अतिक्रमण ने यातायात को मुश्किल बना दिया है। रेलवे की अनुमति मिलने के बाद अलकापुरी, ओसवाल नगरी, विराट नगर और उमेलमान में फ्लाइओवर का निर्माण शुरू होगा।
वसई : मुंबई के सटे वसई-विरार की संकरी व अतिक्रमण से भरी सड़कों पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। दिन व दिन यह समस्या बढ़ती जा रही है। सुबह से ही ट्रैफिक जाम लगने से लोग परेशान हो जाते हैं। चार साल पहले मनपा ने वसई-विरार में छह फ्लाइओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। बजट की कमी से मनपा ने एमएमआरडीए को यह प्रस्ताव भेजा था, लेकिन इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सका। अब एमएमआरडीए ने वसई-विरार शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित 4 फ्लाइओवरों को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। रेलवे की अनुमति मिलने के बाद इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। ये फ्लाइओवर बनने से वसई-विरार के ईस्ट व बेस्ट में आने-जाने में आसानी होगी। साथ ही जनता को जाम से राहत मिलेगी।
वसई-विरार शहर का क्षेत्रफल 380 वर्ग किलोमीटर तक फैला है और शहर की आबादी लगभग 30 लाख है। शहर में सड़कें संकरी और उस पर अतिक्रमण की वजह से भारी ट्रैफिक जाम रहता है।
यहां लगता है सबसे ज्यादा जाम
सबसे अधिक ट्रैफिक जाम शहर के पूर्व से पश्चिम को जोड़ने वाली जगहों पर होता है। क्योंकि विरार व नालासोपारा के जो फ्लाइओवर हैं, वे काफी संकरे हैं। इसलिए ब्रिज पर भारी जाम लगता है। इस समस्या को लेकर मनपा ने पहले नायगांव से लेकर विरार तक छह फ्लाइओवर बनाने का फैसला लिया था। लेकिन मनपा में बजट की कमी की वजह से तत्कालीन आयुक्त ने इसका प्रस्ताव एमएमआरडीए को भेजा था। वहां से भी जब कोई विकल्प नहीं आया तो विधायक हितेंद्र ठाकुर, राजेश पाटील व क्षितीज ठाकुर ने मुख्यमंत्री से मिलकर इस विषय पर बातचीत की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एमएमआरडीए को इस पर तुरंत काम करने को कहा। इसके बाद एमएमआरडीए ने चार फ्लाइओवर बनाने की मंजूरी दे दी है। रेलवे की एनओसी मिलने के बाद यह कार्य शुरू किया जाएगा।

