NationalPopular

वक्फ बोर्ड की शक्तियों को कम करने की खबरों पर सियासत तेज, भाजपा ने नई जमींदारी व्यवस्था स्थापित करने का लगाया आरोप

नई दिल्ली, 05 अगस्त । वक्फ बोर्ड की शक्तियों पर अंकुश लगाने की खबरों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए नई जमींदारी व्यवस्था स्थापित करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता आैर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वक्फ बोर्ड को ‘टच मी नॉट’ मानसिकता से बाहर आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्या का तार्किक समाधान ढूंढना ‘वक्फ’ के लिए अच्छा है। इसकी जरूरत है।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि बहुत लंबे समय से मुस्लिम समुदाय पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहा था। वक्फ बोर्ड की व्यवस्था में वक्फ के पास तीसरी सबसे बड़ी भूमि स्वामित्व है, इसके पास लाखों करोड़ की संपत्ति है, हालांकि, इसकी आय 200 करोड़ रुपये से भी कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड 10-15 प्रभावशाली परिवारों के लिए नई जमींदारी व्यवस्था स्थापित करने का जरिया बन गया है। वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा किए जा रहे हैं।

उधर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी वक्फ बोर्ड की शक्तियों पर अंकुश लगाने वाले विधेयक का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिंदू-मुस्लिम के अलावा या फिर मुस्लिमों के हक को छीनने के अलावा किसी भी अन्य चीज पर काम नहीं किया है। उन्हें जो अधिकार मिले हैं, स्वतंत्रता का अधिकार या अपने धर्म का पालन करने का अधिकार और उनकी कार्य प्रणाली को बनाए रखने का अधिकार है। समाजवादी पार्टी इस विधेयक का विरोध करेगी।