FEATUREDMumbai

दियां उफनाईं, स्कूल-कॉलेज, सड़कें बंद, NDRF और सेना उतरी, मुंबई, पुणे समेत महाराष्ट्र में बारिश ने मचाई तबाही

मुंबई, पुणे, पालघर, रायगड, ठाणे समेत पूरे महाराष्ट्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कई फ्लाट्स कैंसल हुई हैं। फिलहाल बारिश आगे भी जारी रहेगी।

मुंबई : पुणे, पालघर, ठाणे और मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में बारिश ने हाहाकार मचा दिया है। लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। चारों तरफ पानी ही पानी है। नदियां उफान पर हैं। बांधों में भी पानी का स्तर बढ़ गया है। सड़कों को बंद कर दिया गया है। कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। रेल सेवा बाधित है और मुंबई से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइटें कैंसल कर दी गई हैं। बारिश के चलते लोगों का हाल-बेहाल है। प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज रहा है। एनडीआरएफ की टीमें लगातार लोगों का रेस्क्यू करने में लगी हैं। अब तक 10 लोगों के मारे जाने की सूचना है। मुंबई, ठाणे और पालघर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने पुणे शहर और घाट इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी के लिए रेड अरल्ट जारी किया गया है। भोर, वेल्हा, मावल, मुलशी, खड़कवासला, हवेली, खेड़, अम्बेगांव, जुन्नार, पुणे शहर और पिंपरी चिंचवाड़ में सभी आंगनवाड़ी, स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। ट्रेनें, बस, फ्लाइट्स समेत तमाम ट्रांसपोर्ट बाधित हुए हैं। लोगों को घरों में ही रहने को कहा गया है। रायगड के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण न केवल निचले इलाकों में बाढ़ आई है और आवश्यक सेवाएं बाधित हुई हैं, बल्कि मुंबई लोकल जैसी प्रमुख परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। महाराष्ट्र में चार नदियां भी खतरे के निशान को पार कर गई हैं। राहत कार्य के लिए महाराष्ट्र में आर्मी को लगाया गया है। 200 से ज्यादा लोगों को डूबने से बचाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। इधर मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पुणे जिले के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिले के अधिकतर इलाकों के स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। पुणे शहर और वेल्हा, मुलशी, भोर तालुका समेत जिलों के अन्य हिस्सों और खडकवासला के साथ कई बांधों के जलग्रहण क्षेत्रों में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है।

डेंजर मार्क के ऊपर नदियां, बांध से छोड़ा गया पानी
कई नदियां खतरे से निशान के ऊपर बह रहे हैं। पुणे के जिलाधिकारी सुहास दिवासे ने बताया कि खडकवासला बांध के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश को देखते हुए जलाशय से पानी छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘खडकवासला बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश होने के कारण 35 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है…। पानी छोड़ने से मुथा नदी के किनारे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।’

एयरपोर्ट जा रहे हों तो पहले करें यह काम
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ, जिससे प्रमुख एयरलाइनों ने यात्रियों को सलाह जारी की। इंडिगो ने कहा कि लगातार बारिश के कारण उनकी उड़ानों में समय-समय पर देरी हो रही है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह यात्रियों को वास्तविक समय की अपडेट प्रदान करने का प्रयास कर रही है, लेकिन सभी को सलाह दी जाती है कि वे हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें। स्पाइसजेट ने भी इसी तरह की चिंताओं को दोहराते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर सभी प्रस्थान और आगमन, साथ ही साथ उनकी परिणामी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। भारी बारिश और तेज़ हवाओं के कारण खराब दृश्यता के कारण गुरुवार सुबह मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया। सेना को लगाया गया

मैदान से लेकर आसमान तक लगी आर्मी
पुणे में प्रभावित लोगों को निकालने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए भारतीय सेना की कई टुकड़ियों को लगाया गया है। अब तक करीब 400 लोगों को निकाला जा चुका है। इसके अलावा, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड के साथ-साथ जिला और शहर आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठों की टीमों को राहत अभियान चलाने के लिए लगाया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो बारिश से प्रभावित लोगों को हवाई मार्ग से ले जाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को पुणे शहर में तीन लोगों की मौत हो गई, जब वे डेक्कन क्षेत्र में पानी में डूबे अपने ठेले को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि मुलशी तहसील के तमहिनी घाट सेक्शन में भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक बंगले में तीन लोगों के फंसे होने की सूचना है।