MumbaiPopular

आयोग ने चुनावी चंदा लेने की दी परमिशन, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे के लिए आई गुड न्यूज

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे को बड़ी राहत मिली है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को जनता से चंदा लेने की अनुमति चुनाव आयोग ने दे दी है। इसस पहले ही आयोग ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की इसी तरह की मांग स्वीकार कर ली थी।

मुंबई : पार्टी का नाम शिवसेना और पार्टी का चुनाव चिह्न धनुष्यबाण खोने के बाद उद्धव ठाकरे बड़े संकट का सामना कर रहे थे। यह परेशानी थी वित्तीय संकट। नई पार्टी का नाम और निशान मिला लेकिन पार्टी के पास चुनाव लड़ने का फंड नहीं था। हालांकि उद्धव ठाकरे ने लोकसभा चुनाव बिना किसी पार्टी फंड के लड़ा और वोटों के आशीर्वाद के बल पर प्रचंड जीत हासिल की। हालांकि अब एक बार फिर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए आर्थिक मदद की जरूरत थी लेकिन अब उद्धव ठाकरे के लिए गुड न्यूज है। चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को चुनावी चंदा लेने की अनुमति दे दी है। शिवसेना (यूबीटी) के महासचिव सुभाष देसाई की अध्यक्षता में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भी गुरुवार को आयोग से मिला था। इससे पहले आयोग ने एनसीपी (शरदचंद्र पवार) को भी आम लोगों और निजी कंपनियों से चंदा लेने की अनुमति दी थी।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव करीब तीन महीने दूर हैं। विधानसभा से पहले उद्धव ठाकरे की पार्टी को बड़ी राहत मिली है और चुनाव आयोग ने उन्हें पार्टी फंड स्वीकार करने की इजाजत दे दी है। दिलचस्प बात यह है कि पिछले हफ्ते ही चुनाव आयोग ने शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी को पार्टी फंड स्वीकार करने की अनुमति दी थी।

इस नियम के तरह ले सकते हैं चंदा
उद्धव ठाकरे ने पार्टी फंड स्वीकार करने की मंजूरी के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग में आवेदन किया था। इसी आवेदन पर चुनाव आयोग ने धारा 29बी के तहत उद्धव बालासाहेब ठाकरे की पार्टी शिवसेना को चंदा स्वीकार करने का फैसला किया है। इसलिए विधानसभा की तैयारी में जुटे उद्धव ठाकरे को और ताकत मिल गई है।