रामचरितमानस के साथ हिंदुओं का भी अपमान कर रही है नीतीश सरकार : गिरिराज
बेगूसराय, 12 जनवरी । केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने रामचरित मानस को नफरत फैलाने वाला ग्रंथ कहने पर बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को आड़े हाथों लिया है। गिरिराज ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार रामचरितमानस के साथ हिंदुओं का भी अपमान कर रही है। हिंदू इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
गिरिराज सिंह ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार अपने मंत्रियों के द्वारा हिंदुओं को अपमानित करने का काम कर रही है। सनातन धर्म के ग्रंथ रामचरितमानस को अपमानित करने का काम किया है। वोट बैंक के लिए नीतीश कुमार कब तक हिंदुओं को गाली देते और दिलाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और उनकी सरकार के मंत्री में इतनी हिम्मत है कि कुरान पर ऐसी टिप्पणी कर सकें। कुरान के आयत पर ऐसी टिप्पणी कर सकें। टुकड़े-टुकड़े गैंग हिंदुओं को अपमानित करना और गाली देना बंद करे। हिंदू इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

