पाकिस्तानी अखबारों सेः डोनर कॉन्फ्रेंस में मिली मदद पर पीएम शहबाज ने थपथपाई अपनी पीठ
नई दिल्ली, 12 जनवरी । पाकिस्तान से गुरुवार को प्रकाशित अधिकांश अखबारों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक बयान प्रमुखता से छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि दुनिया का हम पर भरपूर विश्वास है। विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। जिनेवा में होने वाली डोनर कॉन्फ्रेंस पूरी तरह से कामयाब है। दुनिया ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 9.7 अरब डॉलर देने का वादा किया है। पाई-पाई सही तरीके से खर्च की जाएगी। मानसून से पहले सभी प्रभावितों की मदद कर देंगे। अखबारों ने विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का भी एक बयान छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की विदेश नीति कामयाब रही है। उन्होंने एक तीर से दो शिकार किए हैं। नया पाकिस्तान का नारा देने वालों को दफन कर दिया है।
अखबारों ने पंजाब के मुख्यमंत्री परवेज इलाही के विश्वासमत हासिल किए जाने की खबरें भी दी हैं। उनके पक्ष में 181 वोट पड़े। विपक्षी दलों ने विरोध करते हुए सदन से वाकआउट किया। इस बीच लाहौर हाई कोर्ट ने कहा है कि मुख्यमंत्री के पास हर वक्त बहुमत होना चाहिए। असेंबली ही इसका फैसला करेगी। अखबारों ने गृहमंत्री राना सनाउल्लाह का एक बयान छापा जिसमें उन्होंने कहा है कि पीटीआई के कई सदस्य हमारे पास आना चाहते हैं। पंजाब सरकार वापस लेकर ही इस्लामाबाद जाऊंगा।
अखबारों ने वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट छापी है जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था मुश्किल दौर का शिकार है। देश में महंगाई की दर 21.6 प्रतिशत है और यह 1970 के दशक के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। अखबारों ने ओआईसी के जरिए इजराइली मंत्री का मस्जिद-ए-अक्सा का अपमान करने और विवादित बयान दिए जाने की निंदा की करने की खबरें भी दी है। अखबारों ने दक्षिणी पंजाब में आटा संकट के बीच लाइन में लगे एक व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत होने की खबरें दी हैं। अखबारों ने तालिबान सरकार के जरिए ब्यूटी पार्लर को बंद करने का हुक्म दिए जाने की खबरें भी दी हैं। अफगान सरकार ने महिलाओं के यहां पर काम करने पर रोक लगा दी है।
अखबारों ने विराट कोहली के जरिए सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा सेंचुरी बनाने के रिकॉर्ड के बराबर पहुंचने की खबरें दी हैं। अखबारों ने जम्मू कश्मीर डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती का भी बयान छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि जम्मू भाजपा की राजनीतिक चालों का सबसे ज्यादा शिकार है। अखबारों ने पवित्र मक्का में मोबाइल टॉवर्स की बैटरी चुराने के आरोप में पाकिस्तानी समेत पांच लोगों के गिरफ्तार करने की खबरें भी दी है।
रोजनामा दुनिया ने उत्तर प्रदेश की घटना छापी है। इसके सामने आने के बाद हर किसी को बॉलीवुड की फिल्म के स्क्रिप्ट की याद आ गई है। खबर में बताया गया है कि महाराजगंज में आठवीं कक्षा के छात्र ने छठी कक्षा की एक छात्रा के घर में घुसकर उसके गले पर चाकू रखकर इसकी मांग में सिंदूर भर दिया है। 16 साल का लड़का अपने दोस्त के साथ 14 वर्ष की लड़की के घर दीवार फांद कर पहुंचा तो देखा लड़की सफाई कर रही थी। लड़के ने लड़की के गले पर चाकू रखकर जोर जबस्ती से मांग भर दी। लड़की ने शोर मचाया तो उसकी मदद को कोई आता उससे पहले लड़के वहां से फरार हो गए।

