मुंबई में 80 मिनट का सफर 20 मिनट में होगा पूरा, जानें गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड का कितना हुआ काम?
गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड 12 किमी लंबी सड़क बुनियादी ढांचा परियोजना है। यह लिंक रोड मुलुंड को सीधे गोरेगांव से जोड़ेगी। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 6,225 करोड़ है । इससे यातायात की भीड़ कम होगी और यात्रा का समय भी कम होगा। अभी तक मुलुंड से गोरेगांव तक का सफर तय करने में 80 मिनट लगते हैं।
मुंबई : पश्चिम और पूर्व उपनगर को जोड़ने के लिए बन रहे गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड के काम को अब गति मिलने की उम्मीद है। बीएमसी ने फिल्म सिटी गोरेगांव से मुलुंड के खिंडी पाडा तक बनने वाली अंडरग्राउंड ट्विन टनल के काम को गति देने के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने का फैसला किया है। यह संजय गांधी नैशनल पार्क के नीचे से जाएगी। इस करीब 5 किमी लंबी टनल को 60 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सांताक्रुज-चेंबूर, अंधेरी-घाटकोपर, जोगेश्वरी-विक्रोली तीन लिंक रोड हैं, जो मुंबई के पूर्व और पश्चिम उपनगरों को जोड़ते हैं। लेकिन दोनों उपनगरों में बढ़ती जनसंख्या, सड़कों की घटती परिवहन क्षमता और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए बीएमसी ने चौथे वैकल्पिक गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड बनाने का काम शुरू किया है।
गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड 12.20 किमी का होगा, जिसके बनने से एक घंटे का सफर 20 मिनट में तय होगा। चार चरणों वाले इस प्रॉजेक्ट के तीसरे चरण में गोरेगांव के फिल्म सिटी से मुलुंड के खिंडीपाडा तक ट्विन टनल बनाई जाएगी। तीन-तीन लेन वाली इन जुड़वां सुरंगों के लिए अंतरराष्ट्रीय टेंडर मंगाए गए हैं। पांच साल में टनल बनने की उम्मीद है, जिसके लिए बीएमसी प्रशासन ने प्रॉजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट (पीएमसी) नियुक्त करने का फैसला किया है।
प्रॉजेक्ट की प्रमुख बातें:
– प्रस्तावित सुरंगों की लंबाई- प्रत्येक 4.7 किमी
– आंतरिक व्यास- 13 मीटर – अधिकतम गति – 80 किलोमीटर प्रति घंटा
– गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड की कुल लंबाई लगभग 12.20 किमी
– गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड की प्रस्तावित चौड़ाई 45.70 मीटर
– भूमिगत सुरंगों की गहराई- 20 से 220 मीटर
– समानांतर सुरंगों में प्रत्येक में तीन लेन
– समानांतर सुरंगों का व्यास 14.20 मीटर
– दोनों सुरंगों के बीच की दूरी- 15 मीटर

