National

प्रधानमंत्री 12 जनवरी को कर्नाटक में राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे

नई दिल्ली, 10 जनवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को हुबली (कर्नाटक) में इस वर्ष के राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

केंद्रीय युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज नई दिल्ली में मीडिया ब्रीफिंग में इसकी घोषणा की। इस वर्ष महोत्सव का विषय ‘विकसित युवा, विकसित भारत’ है।

26वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव 12 से 16 जनवरी तक हुबली-धारवाड़ में आयोजित किया जाएगा। इस बार का आयोजन कर्नाटक सरकार के सहयोग से केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है।

महोत्सव का उद्देश्य अमृत काल के दौरान राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को बढ़ाना है। इसलिए यह प्रयास होगा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रतिपादित ‘पंच प्रण’ के संदेश को युवाओं के बीच प्रसारित किया जाए।