National

पाकिस्तानी अखबारों सेः पीएम के जरिए इमरान पर फिर से हमला बोले जाने को प्रमुखता

नई दिल्ली, 07 जनवरी । पाकिस्तान से शनिवार को प्रकाशित अधिकांश समाचार पत्रों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के जरिए पीटीआई चेयरमैन और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को एक बार फिर बुरा-भला कहे जाने की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की हैं।

शहबाज शरीफ ने इमरान पर आरोप लगाया है कि पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल कमर बाजवा ने किस तरह मदद की, वह सब जानते हैं। उन्होंने सोच समझकर कहा था कि इमरान से ज्यादा धोखेबाज, एहसान फरामोश और ना-शुकरा नहीं देखा। इमरान ने सीपैक योजना का जनाजा निकाल दिया। देश के लिए कुछ नहीं किया। यह बातें उन्होंने हजारा इलेक्ट्रिक सप्लाई कंपनी की स्थापना के दौरान कही हैं।

अखबारों ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का भी एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा कि इस्टैब्लिशमेंट न्यूट्रल नजर नहीं आ रहा है। पंजाब विधानसभा भंग करने में देरी होने पर हमारे सदस्य त्यागपत्र दे देंगे। अखबारों ने जिनेवा में होने वाली अंतरराष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन कान्फ्रेंस में पाकिस्तान को 16.26 अरब डॉलर की मदद मिलने की संभावना जताई है। यह कॉन्फ्रेंस 9 जनवरी को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बाढ़ से होने वाली तबाही की जानकारी दुनिया के सामने रखेंगे।

अखबारों ने महंगाई दर बढ़ने की खबर देते हुए बताया है कि 23 वस्तुओं के दामों में वृद्धि हुई है। आटे के थैले के लिए मारामारी की खबरें है। एक किलो आटे के दाम में 15 रुपये की वृद्धि की खबर है। अखबारों ने पूर्व वित्त मंत्री मिफ्ताह इस्माइल का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि इमरान खान एक अच्छे राजनेता हैं मगर वह अच्छे पालिसी मेकर नहीं है।

अखबारों ने पंजाब प्रांत में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट के प्रवेश की खबरें देते हुए बताया है कि 5 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। चीनी यात्रियों पर नई पाबंदियां लगाई गई हैं। अखबारों ने चीन के जरिए पाकिस्तान को बड़ी मदद देने के ऐलान की खबर देते हुए बताए कि 300 मिलियन युवान देने का फैसला किया गया है।

अखबारों ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में बीजेपी के हारने के बाद निगम के पहले सत्र के दिन हंगामा और सदन के अखाड़ा बनने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने भारत में अगले हफ्ते 120 विकासशील देशों की वर्चुअल कॉन्फ्रेंस की मेजबानी करने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने पाकिस्तानी झंडा लगे गुब्बारे के भारत के इलाके में घुसने पर हड़कंप मचने की खबरें भी दी हैं। यह गुब्बारे एक समारोह में हवा में छोड़े गए थे। अखबारों ने हिंदुत्ववादी संगठनों के जरिए शाहरुख खान की फिल्म पठान के पोस्टर फाड़े जाने की खबरें भी दी हैं। ये सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ आदि ने पहले पन्ने पर प्रकाशित की हैं।

रोजनामा नवाएवक्त ने जम्मू-कश्मीर में घर-घर तलाशी अभियान के दौरान कई कश्मीरियों को गिरफ्तार किए जाने की खबर दी है। श्रीनगर, कुपवाड़ा, राजौरी में घर-घर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। भारत ने द रेजिडेंस फ्रंट नामक संगठन पर पाबंदी लगा दी है। संगठन पर आरोप लगाया गया है कि यह संगठन भारत विरोधी गतिविधियों विशेष तौर से टारगेट किलिंग में लिप्त है।

रोजनामा खबरें ने संयुक्त राष्ट्र संघ की एक रिपोर्ट के हवाले से खबर दी कि भारत लाइन ऑफ कंट्रोल की निगरानी के लिए तैनात अंतरराष्ट्रीय सैन्य विशेषज्ञों के ग्रुप के काम में रुकावटें डाल रहा है। इस वजह से ग्रुप की शांति के स्थापना की कोशिशों को नुकसान पहुंच रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ग्रुप को कंट्रोल लाइन और वर्किंग बाउंड्री पर स्वतंत्र रूप से काम करने की अनुमति नहीं दे रहा है। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि सैन्य विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय दूतों को कश्मीर के सफर के लिए वीजा हासिल करने में लंबे इंतजार का भी सामना है।