National

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विश्‍वकप क्रिकेट के फाइनल में पहुँचने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विश्‍वकप क्रिकेट के फाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्‍होंने भारत की बल्‍लेबाजी और गेंदबाजी की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने टीम इंडिया को फाइनल में जीत के लिए भी शुभकामनाएं दी।

श्री मोदी ने मोहम्‍मद शमी की गेंदबाजी की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्रिकेट प्रेमी कई पीढ़ियों तक विश्‍वकप के दौरान शमी की गेंदबाजी याद रखेंगे। प्रधानमंत्री ने विराट कोहली के असाधारण प्रदर्शन की भी सराहना की, जिन्‍होंने एकदिवसीय मैचों में सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा।

उन्‍होंने कहा कि विराट कोहली ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में न केवल 50वां शतक बनाया, बल्कि उत्‍कृष्‍ट खेल और लगन के साथ खेलने की भावना का भी प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि विराट कोहली के समर्पण और असाधारण प्रतिभा की परिचायक है। श्री मोदी ने कामना की कि विराट कोहली भावी पीढ़ियों के लिए मानक गढ़ना जारी रखेंगे।