National

एनआईए टीम ने कोटा में की छापेमारी, पीएफआई से जुड़े दो संदिग्धों को लिया हिरासत में

जयपुर, 02 नवंबर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को टेरर लिंक का इनपुट मिलने के बाद कोटा में छापेमारी की है। एनआईए ने कोटा के कुन्हाड़ी और कैथून थाना क्षेत्र में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मौके से मोबाइल व उपकरण सहित कुछ संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है।

एनआईए की टीम ने कोटा शहर के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बापू कॉलोनी में गुरुवार सुबह छापा मारा और यहां एक संदिग्ध वाजिद के घर की तलाशी ली। वाजिद जुडो कराटे की ट्रेनिंग देता है। पिता खुद की गाड़ी चलाते है। वाजिद तीन भाई है। वाजिद के परिवार से कोई जयपुर में कोचिंग भी चलाता था। दूसरी कार्रवाई ग्रामीण इलाके के कैथून थाना क्षेत्र में मवासा रोड पर हुई। यहां भी संदिग्ध मुबारक अली के घर की तलाशी लेकर पूछताछ की गई।

मुबारक अली मंसूरी कोटा में सैलून (नाई) लगाता है। एनआईए की टीम पहले भी पीएफआई से जुड़े मामले में मुबारक अली से पूछताछ करने पहुंची थी। एनआईए टीम ने पूछताछ के लिए मुबारक अली व वाजिद को हिरासत में लिया। साथ ही कुछ संदिग्ध सामग्री भी जब्त की है। कोटा शहर पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने एनआईए की टीम के कोटा में दो जगह कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एनआईए की टीम ने उनसे पुलिस बल मांगा था, जिस पर एनआईए टीम को पुलिस बल उपलब्ध कराया गया।