National

केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज नई दिल्‍ली में उन्नत और पारंपरिक बीजों के उत्पादन पर राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करेंगे

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्‍ली में सहकारी क्षेत्र के माध्यम से उन्नत और पारंपरिक बीजों के उत्पादन पर राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड- बी.बी.एस.एस.एल. ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है। केन्‍द्रीय मंत्री बी.बी.एस.एस.एल. के लोगो, वेबसाइट और पुस्तिका का अनावरण करेंगे और सदस्‍यों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे।

 

संगोष्ठी के दौरान भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड के उद्देश्‍य, उत्पादकता में बीजों की भूमिका और फसलों का पोषण, छोटे और सीमांत किसानों के कल्‍याण में सहकारी समितियों की भूमिका जैसे मुख्‍य विषयों पर चर्चा होगी।

मंत्रालय ने कहा है कि बी.बी.एस.एस.एल. के माध्यम से अच्‍छी किस्‍म के बीजों के उत्पादन और वितरण से देश में कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आयातित बीजों पर निर्भरता कम होगी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, मेक-इन-इंडिया को बढ़ावा मिलेगा और आत्‍मनिर्भर भारत अभियान का मार्ग प्रशस्‍त होगा।