गुरुग्राम में जी-20 की चौथी शेरपा बैठक : देसी गीतों पर खूब थिरके विदेशी मेहमान
नूंह/गुरुग्राम, 6 सितंबर । जी-20 समिट की चौथी शेरपा बैठक के बाद विदेशी प्रतिनिधियों ने हरियाणा की समृद्ध परंपरा व विरासत के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाया। भले ही वे हरियाणवी बोली को समझ ना पाए हों, लेकिन उनका रिएक्शन बता रहा था कि हरियाणवी पारंपरिक गीतों की धुन, डांस उन्हें खूब पसंद आ रहा है। वे धुनों पर अपने आप को थिरकने से भी नहीं रोक पाए। हरियाणवीं कलाकारों के साथ विदेशी मेहमानों ने जमकर डांस किया।
हरियाणा सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में जब 110 कलाकारों ने बारी-बारी से नॉन स्टॉप प्रस्तुति दी तो विदेशी डेलीगेट मंत्रमुग्ध हो गए। भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने सांस्कृतिक टीमों की परफॉर्मेंस की सराहना की। इस तरह के वैश्विक मंच पर अपनी प्रस्तुति देना हरियाणा के कलाकारों को भी गर्व और गौरव की अनुभूति करा रहा था।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में देसी धुन और गीतों पर मेहमानों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से हरियाणवी पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुति दे रहे कलाकारों की हौसला अफजाई की। साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार के परंपरा और संस्कृति को संरक्षित रखने की प्रतिबद्धता की सराहना भी की। कलाकारों ने देसी धुनों पर हरियाणवी तीज त्यौहारों की परंपरा से जुड़े गीत सुनाकर दर्शकों में सावन की मस्ती का अहसास कराया। वहीं पनिहारी, खोडिया व रशिया के रश घोलकर माहौल को खुशनुमा कर दिया।

