गाजा में मानवीय सहायता के आह्वान का समर्थन करने वाले संयुक्त राष्ट्र के 50 सदस्य देशों में भारत शामिल
भारत संयुक्त राष्ट्र के उन 50 सदस्य देशों में शामिल हो गया है जिन्होंने सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ गाजा में स्वास्थ्य और मानवीय सहायता की पहुंच सुनिश्चित करने संबंधी आह्वान का समर्थन किया है। इसके साथ ही नयी दिल्ली ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता की दिशा में नए सिरे से प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल गुरुवार को जॉर्डन, कतर और ब्रिटेन के नेतृत्व में 50 सदस्य देशों के राजदूतों के साथ यहां एक मीडिया संवाद में शामिल हुईं और गाजा में मानवीय सहायता व स्वास्थ्य सेवा की पहुंच सुनिश्चित करने संबंधी आह्वान का समर्थन किया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सर्दियों की शुरूआत के साथ भारत गाजा में आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों तक सुरक्षित, निरंतर और बिना किसी बाधा के मानवीय सहायता पहुंचाए जाने के महत्व को दोहराता है।’’
मिशन ने कहा, ‘‘हमारा जोर नागरिकों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान को सुनिश्चित करने के साथ-साथ क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए नए सिरे से प्रयास करना है।’’

