National

बीएसएफ ने लगाया रोजगार मेला, प्रधानमंत्री ने वर्चुअल मोड से किया शुभारंभ

जम्मू, 28 अगस्त । बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और आईटीबीपी के चयनित उम्मीदवारों (कुल 250) को नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए फ्रंटियर मुख्यालय बीएसएफ ने जम्मू में सोमवार को एक रोजगार मेला आयोजित किया। यह रोज़गार मेला योजना देश में बेरोज़गारी कम करने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। मिशन मोड भर्ती अभियान के परिणामस्वरूप इस वर्ष के अंत तक सरकार में 10 लाख नौकरियां भरने की उम्मीद है।

कार्यक्रम की शुरुआत में भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुल मोड से रोजगार मेले का शुभारंभ किया और सभी प्रतिभागियों को संबोधित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने आईजी बीएसएफ जम्मू डीके बूरा और सीएपीएफ के अन्य अधिकारियों और नागरिक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में नई नियुक्तियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इस रोज़गार मेला कार्यक्रम के माध्यम से गृह मंत्रालय (एमएचए) विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) जैसे सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी, असम राइफल्स, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ-साथ दिल्ली पुलिस में कर्मियों की भर्ती कर रहा है। इसी क्रम में आज देशभर में 45 स्थानों पर 51,106 नियुक्ति पत्र नई नियुक्तियों को सौंपे गए हैं।

गृह मंत्रालय ने मिशन भर्ती के माध्यम से लगभग एक लाख पद भरे हैं, जिनमें से लगभग 87,000 रिक्त पद सीएपीएफ में भरे गए हैं। इससे हमारे सुरक्षा बलों को अपने अभियानों को अधिक कुशलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से संचालित करने और पूरे देश में सुरक्षा कर्तव्यों की एक विस्तृत श्रृंखला को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने में काफी मदद मिलेगी।