केन्या के रक्षा मामलों के कैबिनेट सचिव तीन दिन की भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे
नई दिल्ली, 28 अगस्त । केन्या के रक्षा मामलों के कैबिनेट सचिव अदन बेयर डुले भारत की तीन दिन की यात्रा पर सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को केन्या के अपने समकक्ष के साथ वार्ता करेंगे। अपने प्रवास के दौरान डुले गोवा और बेंगलुरु में भारतीय शिपयार्ड और रक्षा उद्योगों का दौरा करेंगे।
कैबिनेट सचिव डुले ने सितंबर, 2022 में नई सरकार का कार्यभार संभाला था और उसके बाद से उनकी यह पहली भारत यात्रा है। यह उनकी केन्या से सर्वोच्च स्तर की राजनीतिक यात्रा है। यह यात्रा भारत के अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंधों और विशेष रूप से भारत और केन्या के बीच बढ़ते सहयोग को अहम महत्व देने का संकेत है। इससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के नए मार्ग खुलने की आशा है।

